बालों में कब, कितना तेल लगाएं:हेयर ऑयलिंग का पूरा फायदा तब मिलता है जब उसे सही तरीके से लगाया जाए
हेयर ऑयलिंग से बालों को मिलता है पोषण
आयुर्वेद में बालों में तेल लगाने की प्रक्रिया को बहुत जरूरी माना गया है। ऑयलिंग से बालों को पोषण मिलता है और रूखापन भी दूर होता है। ऑयलिंग बालों के लिए एक बेहतरीन प्री-शैम्पू ट्रीटमेंट है। इससे बाल सॉफ्ट और हेल्दी बनते हैं।
बालों में तेल लगाने के फायदे
बालों की सही देखभाल न करने से ड्राइनेस, डैंड्रफ, खुजली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सिर की चंपी करने से बाल मुलायम और चमकदार बनते हैं, उनकी ग्रोथ बढ़ती है, तनाव दूर होता है और ब्लड सर्कुलेशन भी अच्छा रहता है।
चंपी एक बेहतरीन लयबद्ध मालिश है, जिसमें बालों और स्कैल्प पर दबाव डालने और छोड़ने की विभिन्न तकनीकों का उपयोग किया जाता है। इस टेकनीक से बालों को पोषण मिलता है, उनकी मजबूती और चमक बढ़ती है।
तेल लगाते समय बाल उसमें मौजूद पोषक तत्वों को अवशोषित कर लेते हैं, जिससे उन्हें सही पोषण मिलता है। इसलिए हल्की मालिश करते हुए बालों में तेल लगाना बहुत जरूरी है। बालों के फॉलिकल्स में अच्छा ब्लड सर्कुलेशन जरूरी है। तेल मालिश स्कैल्प को स्वस्थ रखने में मदद करती है, बालों को पोषण देती है, उन्हें ड्राई और डैमेज होने से बचाती है।
तेल लगाने का सही तरीका
तेल लगाते समय बालों को जोर से नहीं रगड़ना चाहिए। तेल लगाने के बाद उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से बालों और स्कैल्प की मसाज करें।
अगर डैंड्रफ है, तो रूई की सहायता से गर्म तेल स्कैल्प पर लगाएं। तेल लगाने के बाद बालों के गुच्छे हटाने के लिए धीरे से कंघी करें। ऐसा करने से स्कैल्प पर चिपका डैंड्रफ भी निकल जाएगा।
रूखे बालों में हफ्ते में दो बार शैम्पू करें। शैम्पू करने से एक रात पहले बालों में तेल लगाएं। ऐसा करने से बालों और स्कैल्प को तेल सोखने में मदद मिलती है, जिससे बाल सॉफ्ट और मजबूत बनते हैं।
अगर बाल बहुत ऑयली हैं तो तेल लगाने से बचें।
अगर डैंड्रफ है तो गर्म ऑलिव ऑयल लगाना फायदेमंद होता है। इसे हफ्ते में एक या दो बार लगाएं।
अगर बाल झड़ रहे हैं और जड़ें पहले से ही कमजोर हैं तो बालों की मालिश नहीं करनी चाहिए, इससे समस्या बढ़ सकती है।
आपके बालों के लिए कौन सा तेल है सही
अलग-अलग तेलों के अलग-अलग गुण होते हैं। आप अपने बालों के प्रकार और जरूरत के अनुसार इनका चुनाव कर सकते हैं।
भारत में सबसे ज्यादा नारियल तेल का इस्तेमाल किया जाता है। यह बालों के लिए बहुत पौष्टिक है। ये बालों का टैक्सचर सुधारता है और उनकी ग्रोथ बढ़ाता है। नारियल के तेल को अन्य सामग्री के साथ मिलाकर भी बालों में लगाया जा सकता है।
आयुर्वेद में तिल के तेल को सबसे संतुलित तेल माना गया है। यह पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इसमें हीलिंग गुण भी होते हैं। इसमें मौजूद विटामिन ई, मिनरल, प्रोटीन और लेसिथिन बालों को पोषण देने के साथ ही डैंड्रफ में भी फायदेमंद है।
बादाम का तेल ड्राई बालों के लिए फायदेमंद है। ये बालों का रूखापन दूर कर उनकी चमक बढ़ाता है।
ऑलिव ऑयल स्कैल्प के एसिड अल्कलाइन का संतुलन बनाए रखता है। यह डैंड्रफ वाले ऑयली बालों के लिए उपयोगी है।
ऐसा माना जाता है कि अरंडी के तेल में बालों को काला करने के गुण होते हैं। लेकिन यह सफेद बालों को काला नहीं करता। बाल झड़ रहे हैं तो अरंडी का तेल लगाएं। इसमें फैटी एसिड, विटामिन ई, मिनरल और प्रोटीन होता है। अरंडी का तेल हेवी है, ये रूखे बालों को सॉफ्ट बनाता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें